भीड़ अधिक होने पर पुलिस कार्रवाई की चर्चा, जमात ने बताया अफवाह
बरेली : सुन्नी-बरेलवी मुसलमानों के मरकज आला हजरत खानदान की प्रमुख शख्सियत और दरगाह ताजुश्शरिया के सज्जादानशीन मुफ्ती असजद रजा कादरी (असजद मियां) समेत कई जायरीनों को सऊदी अरब में कथित रूप से हिरासत में लिए जाने की खबर से हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि अधिक भीड़ जुटने की वजह से सऊदी पुलिस ने कार्रवाई की। इस खबर के बाद लोग जानकारी के लिए बरेली दरगाह और उलेमा को फोन कर रहे हैं।
हालांकि जमात रजा-ए-मुस्तफा के उपाध्यक्ष सलमान हसन खान ने फिलहाल इस पूरे मामले को अफवाह बताया है। उन्होंने कहा कि हजरत की फ्लाइट 13 मार्च को है और वह 14 मार्च को घर वापस आ जाएंगे। दूसरी ओर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने इस घटना की निंदा करते हुए भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 23-24 फरवरी को मुफ्ती असजद मियां उलेमा की एक टीम के साथ उमरा के लिए सऊदी अरब गए थे। उनके साथ रामपुर, मुरादाबाद, मुंबई सहित कई शहरों से भी जायरीन पहुंचे थे। सऊदी अरब में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया था। खबर है कि अधिक भीड़ जुटने की सूचना मिलने पर सऊदी पुलिस वहां पहुंच गई और मौके पर मौजूद कुछ बरेलवी उलेमा व जायरीनों को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात, खासकर ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच तनाव को देखते हुए सऊदी अरब सरकार ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हुए हैं। जमात के उपाध्यक्ष सलमान हसन खान के मुताबिक सज्जादानशीन के दुनियाभर में मुरीद हैं। उनके सऊदी अरब पहुंचने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
























