बालक व बालिका दोनों वर्गों में जीतकर ट्रॉफी पर किया कब्जा
लखनऊ : खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और क्षेत्रीय खेल कार्यालय, लखनऊ के तत्वावधान में लखनऊ जिला हैंडबॉल एसोसिएशन की ओर से आयोजित जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों की विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित प्रतियोगिता में बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम ने चौक स्टेडियम को 15-12 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबला काफी रोमांचक रहा और अंत तक दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। वहीं बालक वर्ग के फाइनल में भी केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम विजेता रही। इस मुकाबले में केडी सिंह बाबू स्टेडियम ने चौक स्टेडियम ट्रेनीज को 25-23 के करीबी अंतर से हराया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि उप क्रीड़ाधिकारी राजेश कुमार गौड़ ने किया। इस अवसर पर केडी सिंह बाबू स्टेडियम के हैंडबॉल कोच मो. तौहीद ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। समापन समारोह में लखनऊ जिला हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव डॉ. सुमंत पाण्डेय ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। इस दौरान चौक स्टेडियम की हैंडबॉल कोच अंकिता रत्न सहित कई खेल प्रेमी और अधिकारी मौजूद रहे। एक दिवसीय इस प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों वर्गों में आठ-आठ टीमों ने हिस्सा लिया, जिनके बीच नॉकआउट आधार पर मुकाबले खेले गए।
























