पॉपुलर च्वॉइस श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार, लगातार 7वें वर्ष मिली उपलब्धि
लखनऊ, संवाददाता : विकास पथ पर अग्रसर उत्तर प्रदेश को गणतंत्र दिवस परेड में एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त हुआ है। नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में प्रदेश की झांकी ने पॉपुलर च्वॉइस श्रेणी में द्वितीय पुरस्कार हासिल किया। यह गौरव प्रदेश को लगातार सातवें वर्ष मिला है, जिससे उत्तर प्रदेश की सृजनात्मक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर नई मजबूती मिली है। कुल 30 झांकियों के बीच लोकप्रियता के आधार पर उत्तर प्रदेश ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में हुआ पुरस्कार वितरण
राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्र को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ द्वारा प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इस वर्ष परेड में 17 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा 13 मंत्रालयों की झांकियां शामिल रहीं।
‘समृद्धि का मंत्र–आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर आधारित झांकी
प्रदेश की झांकी ‘समृद्धि का मंत्र–आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर आधारित रही, जिसमें बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का संतुलित और प्रभावशाली चित्रण किया गया। झांकी में कालिंजर दुर्ग की शैलकला, एकमुख लिंग, मृद्भांड कला, मनका शिल्प, पारंपरिक हस्तशिल्प के साथ एक जनपद एक उत्पाद योजना को दर्शाया गया। इसके साथ ही ब्रह्मोस मिसाइल, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और आधुनिक अवसंरचना की झलक ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
























