बच्चों को दी गई भारतीय संविधान की जानकारी, प्रस्तावना का किया गया सामूहिक पाठ
रामगंज, (अमेठी): कम्पोजिट विद्यालय भादर प्रथम में संविधान दिवस कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को भारतीय संविधान के बारे में जानकारी दी गई। संविधान निर्माता बोधिसत्व बाबा साहब डॉ अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण के बाद शिक्षकों और बच्चों ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। शिक्षक संजीव कुमार ने कहा हमारे देश का संविधान दुनिया का सबसे अच्छा संविधान है। यह संविधान देश के समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्रदान करता है।
संविधान दिवस हमें भारतीय संविधान की व्यवस्थाओं को लागू करने की स्थिति और देश की प्रगति और समस्याओं पर गंभीर विमर्श का संदेश देता है। राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुनिश्चित करने वाली बंधुता कायम रखना देश के हर व्यक्ति की संवैधानिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सहायक अध्यापक अवनीश कुमार वर्मा, संध्या गुप्ता,गणेश प्रसाद शर्मा, लालती देवी, शिवकरन गुप्ता कौशलेंद्र सिंह, स्नेहा शुक्ल , अनिल यादव, दिनेश यादव ,निर्मला,रिपु मौर्य, सीता, बलवीर , धनपती आदि मौजूद रहे।


















