कार्रवाई न होने पर शिक्षिका ने खटखटाया एसीजेएम कोर्ट का दरवाजा
सुलतानपुर, अमेठी : अमेठी कोतवाली क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज में तैनात सहायक अध्यापिका ने अपने ही कॉलेज के प्रधानाचार्य जितेंद्र मिश्र और उनके भाई विकास मिश्र के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए एसीजेएम कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। पीड़ित शिक्षिका ने दोनों पर छेड़छाड़, अश्लील हरकतें करने, शारीरिक शोषण के लिए दबाव बनाने और विरोध करने पर धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं।
पीड़िता के अनुसार, प्रधानाचार्य जितेंद्र मिश्र द्वारा लंबे समय से उनके साथ अनुचित व्यवहार किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी अपने पद और स्थानीय प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए उनके साथ बैड टच और अन्य अश्लील हरकतें करता रहा। इतना ही नहीं, शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी दबाव बनाया गया। शिक्षिका का कहना है कि जब उन्होंने इन हरकतों का विरोध किया और आवाज उठाने की कोशिश की, तो प्रधानाचार्य के भाई विकास मिश्र के जरिए उन्हें निलंबित कराने और जान से मारने की धमकी दी गई। इससे भयभीत होकर उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
न्याय की उम्मीद में अंततः पीड़िता ने अदालत का रुख किया। प्रभारी एसीजेएम मयूरेश श्रीवास्तव की अदालत ने मामले को लोकसेवक से जुड़ा मानते हुए क्षेत्राधिकार के मुद्दे पर सुनवाई के लिए 18 अप्रैल की तारीख निर्धारित की है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 18 अप्रैल को होगी, जिसमें यह तय किया जाएगा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई किस स्तर पर की जाएगी।























