नगर पालिका बोर्ड ने पारित किया प्रस्ताव
लखनऊ, संवाददाता : अकबरपुर नगर तथा रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की प्रक्रिया ने अब तेज़ी पकड़ ली है। नगर पालिका परिषद अकबरपुर की बोर्ड बैठक में अकबरपुर नगर का नाम ‘लोहिया नगर’ तथा अकबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम ‘डॉ. राम मनोहर लोहिया नगर’ किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया है। प्रदेश शासन द्वारा इस संबंध में जिलाधिकारी से स्पष्ट संस्तुति भी मांगी गई है। यह जानकारी जनता दल यूनाइटेड, उत्तर प्रदेश के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. के.के. त्रिपाठी ने दी।
शनिवार को जानकारी देते हुए डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि वह दशकों से अकबरपुर रेलवे स्टेशन का नाम समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया के नाम पर किए जाने के लिए संघर्षरत रहे हैं। उनके सतत प्रयासों एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस के अनुरोध पर वर्ष 2000 में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा यह प्रस्ताव रेल मंत्रालय को भेजा गया था, हालांकि कुछ औपचारिकताएं उस समय लंबित रह गई थीं। डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने इस विषय में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के रक्षा मंत्री से लगातार पत्राचार एवं व्यक्तिगत संपर्क बनाए रखा। उनके निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप अब इस प्रस्ताव पर अंततः प्रक्रिया को गति मिल गई है।
























