इज़रायल में तीन नागरिकों की मौत और करीब 80 लोग घायल हुए हैं
नई दिल्ली,संवाददाता : इज़रायल और ईरान के बीच युद्ध अब खुलकर सामने आ गया है। 13 जून की सुबह इज़रायली एयरफोर्स द्वारा ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक के साथ जंग का बिगुल बज चुका है। इसके जवाब में ईरान ने भी शुक्रवार रात और शनिवार तड़के तक लगभग 150 बैलिस्टिक मिसाइलें इज़रायली शहर तेल अवीव पर दागीं। वहीं, इज़रायल ने दोबारा ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया। इस युद्ध में अब तक ईरान में 78 लोगों की मौत और 320 घायल होने की पुष्टि हुई है। वहीं, इज़रायल में 3 नागरिकों की मौत और करीब 80 लोग घायल हुए हैं। अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है और मृतकों की संख्या में और इज़ाफा होने की आशंका जताई जा रही है।
इस बीच, एक और मुद्दा सोशल मीडिया पर जोर पकड़ रहा है। इज़रायली डिफेंस फोर्सेज (IDF) ने शुक्रवार को एक नक्शा शेयर किया, जिसमें ईरान की मिसाइल रेंज को दिखाया गया था। इस नक्शे में भारत का गलत चित्रण किया गया, जहां जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों को पाकिस्तान का हिस्सा बताया गया। इस तस्वीर को देखकर भारतीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया। भारत के कई नागरिकों, पत्रकारों और विदेश नीति विशेषज्ञों ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर इस गलत नक्शे के खिलाफ विरोध जताया गया।
विवाद बढ़ने के बाद IDF ने आधिकारिक तौर पर माफी मांगी। उन्होंने लिखा:
“यह नक्शा केवल एक चित्रण था और इसमें सीमाएं सटीक रूप से नहीं दर्शाई गईं। इस कारण किसी को भी ठेस पहुंची हो, तो हम खेद प्रकट करते हैं।”
जंग के मैदान से सोशल मीडिया तक फैला युद्ध
जहां दोनों देशों के बीच मिसाइलें और ड्रोन वार चल रहा है, वहीं सोशल मीडिया भी एक ‘साइबर युद्धक्षेत्र’ बन गया है। इज़रायल और ईरान, दोनों के सरकारी व सैन्य अधिकारी अपने-अपने दावों के समर्थन में पोस्ट साझा कर रहे हैं। अब यह युद्ध सिर्फ सीमित भू-भाग पर नहीं, बल्कि वैश्विक मंच पर भी चिंता का विषय बन चुका है।
भविष्य की आशंका और वैश्विक प्रतिक्रिया
विशेषज्ञों का मानना है कि यह युद्ध लंबे समय तक चल सकता है और इसका असर पूरे पश्चिम एशिया और वैश्विक तेल बाज़ार पर पड़ेगा। संयुक्त राष्ट्र और कई देशों ने तत्काल शांति की अपील की है। भारत सरकार की ओर से इस युद्ध पर अभी तक कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, लेकिन गलत नक्शे को लेकर विरोध स्पष्ट रूप से सामने आ चुका है।