शाम पांच बजे दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार
मुम्बई,संवाददाता : बॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बुरी खबर सामने आ रही है। ‘सन ऑफ सरदार’, ‘आर..राजकुमार’, ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में अपने हुनर का लोगों में छा जाने वाले फेमस एक्टर मुकुल देव का निधन हो गया है। एक्टर ने 23 मई की रात को दुनिया को अलविदा कह दिया है। एक्टर की मौत की खबर सामने आते ही पूरे बॉलीबुड में शोक की लहर है। मुकुल के परिवार वोलों को भी तगड़ा झटका लगा है।
बीमार थे मुकुल, चल रहा था इलाज
मुकुल देव के साथ ‘सन ऑफ सरदार’ फिल्म में काम कर चुके एक्टर विंदू दारा सिंह ने एक्टर के निधन की खबर को कंफर्म किया है। विंदू दारा एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें ये बात बताई है। साथ ही कहा कि मुकुल बीते कुछ समय से बीमार थे। अस्पताल में उनका इलाज भी चल रहा था, जिसके बाद उन्होंने इस दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। विंदू ने दुख जताते हुए कहा- मुकुल अब कभी भी खुद को बड़े पर्दे पर नहीं देख पाएंगे। अपने माता-पिता की मौत के बाद मुकुल खुद को सबसे अलग-थलग कर रहे थे। वो घर से बाहर भी कम ही निकलते थे और किसी से भी नहीं मिलते थे।
शाम पांच बजे दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार
मुकुल के बड़े भाई राहुल देव ने उनके अंतिम संस्कार की जानकारी देते हुए इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ राहुल देव ने लिखा, “हमें आपको यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि हमारे भाई मुकुल देव का कल रात नई दिल्ली में निधन हो गया। उनके परिवार में उनकी बेटी सिया देव हैं। उनके भाई-बहन रश्मि कौशल, राहुल देव और उनके भतीजे सिद्धांत देव उन्हें बहुत याद करेंगे। उनका अंतिम संस्कार आज शाम 5 बजे होगा।”
दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ था जन्म
मुकुल देव का जन्म नई दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ था, जिनकी जड़ें जालंधर के पास के एक गांव से जुड़ी थीं। उनके पिता हरी देव पुलिस में असिस्टेंट कमिश्नर थे और उन्होंने ही मुकुल को अफगानी संस्कृति से परिचित कराया था। उनके पिता पश्तो और फारसी भाषा बोल सकते थे। मुकुल का मनोरंजन की दुनिया से पहला परिचय कक्षा 8 में हुआ जब उन्होंने दूरदर्शन के एक डांस शो में माइकल जैक्सन की नकल करते हुए प्रस्तुति दी थी और इसके लिए उन्हें पहली बार पारिश्रमिक मिला था। मुकुल ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी से हवाई जहाज उड़ाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया था। धारावाहिक ‘मुमकिन’ (1996) से अभिनय की शुरुआत करने वाले मुकुल देव ने ‘फियर फैक्टर इंडिया’ का पहला सीजन होस्ट किया था। फिल्मों में उनकी शुरुआत ‘दस्तक’ से हुई थी, जिसमें उन्होंने एसीपी रोहित मल्होत्रा का किरदार निभाया था। पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन की भी ये पहली फिल्म थी।