नौ साल पहले भी इस मामले में हुआ था अरेस्ट
कोलंबो, श्रीलंका: श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे के बेटे योशिता राजपक्षे को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। 25 जनवरी, शनिवार को पुलिस ने योशिता को बेलिएट्टा स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी एक प्रॉपर्टी की खरीद से जुड़ी भ्रष्टाचार जांच के तहत की गई है। सोशल मीडिया पर गिरफ्तार किए जाने का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें पुलिस को योशिता को उसके घर से गिरफ्तार करते हुए देखा जा सकता है। यह मामला उस प्रॉपर्टी से जुड़ा है, जिसे योशिता ने अपने पिता महिंदा राजपक्षे के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान खरीदी थी। इस मामले में पहले ही योशिता के चाचा गोटाबाया राजपक्षे, जो स्वयं श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति हैं, से पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस ने पिछले हफ्ते गोटाबाया से भी इस मामले में जानकारी जुटाई थी। पुलिस द्वारा जारी किए गए बयान में योशिता की गिरफ्तारी की पुष्टि की गई है, और इसमें गिरफ्तारी से जुड़ी सभी जानकारी दी गई है। योशिता राजपक्षे 2016 में भी मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार हो चुके हैं, जब उन्हें पैसे से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस नई गिरफ्तारी ने श्रीलंकाई राजनीति और भ्रष्टाचार के मामलों में और भी सवाल खड़े कर दिए हैं।