मुंबई से प्रयागराज कुंभ स्नान करने जा रहा था शाह परिवार
कटनी,संवाददाता : मध्यप्रदेश के कटनी जिले में स्लीमनाबाद बाईपास पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यहां एक कार ट्राले से टकरा गई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब झारखंड के शाह परिवार का एक सदस्य मुंबई से प्रयागराज महाकुंभ में स्नान करने जा रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा स्लीमनाबाद बाईपास के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। सुबह करीब 7:30 बजे कार ने खड़े ट्राले के पीछे के हिस्से में टक्कर मारी। हादसे में शाह परिवार की 35 वर्षीय महिला आशा देवी शाह की मौत हो गई। वहीं, सात अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े और घायलों को कार से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और एम्बुलेंस के जरिए घायलों को स्लीमनाबाद अस्पताल भेजा गया। यहां डॉक्टरों ने आशा देवी शाह को मृत घोषित कर दिया और सात अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल भेज दिया। डॉक्टर शिवम दुबे के अनुसार, घायलों में प्रेमचंद शाह (38 वर्ष), महेश शाह (12 वर्ष), महादेव शाह (42 वर्ष), संजू देवी शाह (33 वर्ष), मनोज प्रसाद (42 वर्ष), अंकिता देवी शाह (32 वर्ष), किरण बाई शाह (35 वर्ष), 10 वर्षीय आर्य शाह और 3 वर्षीय अभिनंदन शाह शामिल हैं। इनमें से मनोज शाह की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्लीमनाबाद थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया अस्पताल पहुंचे और घायलों से बातचीत की। घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया और पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर खड़े ट्राले को पकड़कर थाना में खड़ा कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।