एक-दूसरे पर फेंकी कुर्सी, जमकर हुई हाथापाई
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है। भाजपा और सपा के बीच कांटे की टक्कर देखी जा रही है। मतगणना को लेकर सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल जगह-जगह तैनात है। इसके बावजूद फूलपुर विधानसभा उपचुनाव में आज वोटों की गिनती के दौरान भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। सपा कार्यकर्ताओं की भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल से नोक झोंक भी हो गई।
मतगणना स्थल पर हुआ जबरदस्त हंगामा
फूलपुर उप चुनाव मतगणना के दौरान मुंडेरा मंडी में बीजेपी और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। स्थिति मारपीट पर उतर गई। इतना ही नहीं सपा कार्यकर्ताओं की फूलपुर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल से नोक झोंक भी हो गई। सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे पर कुर्सी फेंकी। दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने मतगणना स्थल पर जबरदस्त हंगामा किया। जिसके चलते चलते आधे घंटे तक वोटों की काउंटिंग रुकी रही। मतगणना स्थल पर भारी फोर्स को तैनात किया गया है।
‘भाजपा तानाशाही कर रही है’
गौरतलब है कि मारपीट में भाजपा और सपा के अलावा बसपा के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। बसपा एजेंट अनूप सिंह और भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल के बीच हाथापाई होने की भी सूचना है। जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि चुनाव में भाजपा तानाशाही कर रही है। सत्ता शासन का दुरुपयोग किया जा रहा है। मुझे आधा घंटा रोके रखा गया है। बता दें कि पूरा विवाद हूटिंग को लेकर हुआ था।