जगुआर, मिराज और सुखोई विमानों की गर्जना से रोमांचित हुआ सुलतानपुर
सुलतानपुर : सुलतानपुर के अरवल कीरी करवत स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की हवाई पट्टी पर बुधवार को भारतीय वायुसेना के जांबाजों ने अपनी शक्ति और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। आसमान में उड़ते जगुआर, मिराज और सुखोई जैसे लड़ाकू विमानों की गर्जना से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और वहां मौजूद हजारों दर्शकों का उत्साह चरम पर पहुंच गया।
इस अद्भुत एयर शो को देखने के लिए आसपास के गांवों से भारी भीड़ उमड़ी। लोग घंटों पहले ही सर्विस लेन, खेतों और अपने घरों की छतों पर पहुंच गए थे। सुरक्षा कारणों से सभी को लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर रखा गया था, लेकिन इसके बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।
दोपहर करीब दो बजे जैसे ही सीए-7109 विमान आसमान में दिखाई दिया, तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। लोगों ने हाथ हिलाकर और तालियां बजाकर वायुसेना का स्वागत किया। विमान ने सफलतापूर्वक हवाई पट्टी पर लैंडिंग की, जिसके बाद उसे सुरक्षित क्षेत्र में ले जाया गया। इसके लगभग 13 मिनट बाद जगुआर विमान ने रनवे को छूते हुए दोबारा उड़ान भरी (टच एंड गो), जिसने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके बाद तीन विमानों—जगुआर, अशोक वन और अशोक टू—ने एक साथ आसमान में प्रवेश कर बेहतरीन समन्वय के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए।

कार्यक्रम का रोमांच तब और बढ़ गया जब चार विमानों के समूह ने सामूहिक उड़ान और टच एंड गो अभ्यास के जरिए अपनी मारक क्षमता का प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि पहली बार इस हवाई पट्टी पर रात के समय भी लड़ाकू विमानों ने अभ्यास कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद, एक्सप्रेसवे के पांच किलोमीटर के दायरे में लोगों की भारी भीड़ जुटी रही। परिवारों के साथ पहुंचे ग्रामीणों और बच्चों में विमानों को देखने का विशेष उत्साह देखने को मिला।
























