उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई नेताओं ने ‘एक्स’ पर दी श्रद्धांजलि
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री योगी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा— पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पद्म विभूषण मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अपने ‘एक्स’ खाते पर संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा— समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन।
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। उन्होंने 1989, 1993 और 2003 में तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वे देश के रक्षा मंत्री भी रहे। वर्ष 1977 में पहली बार वे जनता पार्टी की सरकार में मंत्री बने। मुलायम सिंह यादव ने 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। समाजवादी विचारक डॉ. राम मनोहर लोहिया से प्रेरित मुलायम सिंह यादव को जमीनी जुड़ाव और पिछड़े वर्गों को संगठित करने के लिए जाना जाता है। वर्ष 2023 में उन्हें मरणोपरांत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया गया। उनका निधन 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की आयु में हुआ था।
























