रेहथू गांव से बरामद किए गए 1200 अफीम के पौधे और 1300 अफीम फल
प्रयागराज,संवाददाता: प्रयागराज के हंडिया क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम की खेती का खुलासा किया है। धोकरी कछार के एक खेत में बैंगन और गेहूं की फसल के बीच अफीम के पौधे उगाए गए थे। इस कार्रवाई में हंडिया के एसीपी सुनील सिंह, फूलपुर के नायब तहसीलदार रविन्द्र कुमार, कानूनगो प्रमोद कुमार और लेखपाल राहुल बिंद भी मौके पर मौजूद थे।
पुलिस ने अफीम के पौधों को जब्त कर लिया और उनकी कीमत लाखों रुपये बताई है। हालांकि, खेत का मालिक हौसला प्रसाद पटेल मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और फरार मालिक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आबकारी विभाग इस क्षेत्र में पूरी तरह निष्क्रिय है और केवल कमीशन लेने के लिए सक्रिय रहता है। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में पिछले साल भी दो बड़ी कार्रवाइयां हुई थीं। 17 मार्च को उतराव के रेहथू गांव से 1200 अफीम के पौधे और 1300 अफीम फल बरामद किए गए थे, जिनका वजन 71.5 किलो था और उनकी कीमत लगभग 80 लाख रुपये थी। इसके अलावा, 13 मार्च को हंडिया के नोनरा गांव में भी अफीम की खेती पकड़ी गई थी। प्रशासन ने अवैध अफीम की खेती पर सख्त कार्रवाई की है और अब पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।