शादी का झांसा देकर महीनों तक यौन शोषण का आरोप, एसीजेएम कोर्ट ने 10 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेजा
सुल्तानपुर,संवाददाता : पति से अनबन के बाद दो बच्चों के साथ अलग रह रही महिला को प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म करने और गर्भपात कराने के आरोप में डायल-112 में तैनात सिपाही आमिर फिरदौस खान उर्फ एएफ खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले में आरोपी सिपाही को बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) भाव्या श्रीवास्तव की अदालत ने उसकी रिमांड स्वीकार करते हुए 10 मार्च तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
शादी का झांसा देकर किया शोषण
बल्दीराय थाना क्षेत्र की एक गांव निवासी महिला ने स्थानीय थाने में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि डायल-112 में तैनात सिपाही आमिर फिरदौस खान खुद को अविवाहित बताकर उससे संपर्क में आया। महिला के अनुसार, आरोपी ने शादी का झांसा देकर गत अक्टूबर माह से उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने बताया कि वह अपने दो बच्चों के साथ अलग रह रही है क्योंकि उसके पति ने दूसरा विवाह कर लिया है। आरोप है कि यौन शोषण के दौरान वह गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी सिपाही ने दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। विरोध करने पर मारपीट और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
एसपी ने किया निलंबित
महिला की शिकायत पर बुधवार को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने तत्काल प्रभाव से आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया। स्थानीय पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






















