सीतापुर के महोली क्षेत्र में वारदात, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

सीतापुर, संवाददाता : सीतापुर जिले के महोली कोतवाली क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर शनिवार शाम करीब 5 बजे एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गाय का चारा लेने जा रहे युवक पर दबंग ने पीछे से दो राउंड फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
विवाद के बाद चली गोली
जानकारी के अनुसार, विकास नगर कॉलोनी निवासी अवनीश दीक्षित रोज की तरह चारा लेने जा रहे थे। इसी दौरान गांव के ही अटल बाजपेई पुत्र कमल बाजपेई ने कथित पुरानी रंजिश के चलते उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि पहले दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने अवनीश के सिर पर असलहे के बट से वार किया और फिर दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से अवनीश लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।
जिला अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक का इलाज जारी है।
आरोपी फरार, पुलिस जांच में जुटी
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। गांव और आसपास के क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।




















