बैंक खाते सीज करने और संपत्तियां कुर्क करने की तैयारी, 33 करोड़ से अधिक टैक्स बकाया
लखनऊ,संवाददाता : नगर निगम के संपत्ति कर विभाग ने बकाया वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने शहर के 400 बड़े बकायेदारों के बैंक खातों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। सभी बकायेदारों को नोटिस जारी कर बैंक खाते सीज करने और संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है, ताकि लंबे समय से लंबित हाउस टैक्स की वसूली सुनिश्चित की जा सके।
जोन एक से चार तक के बकायेदार रडार पर
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पी.के. द्विवेदी ने बताया कि बकाया कर न चुकाने वाले ये संपत्ति धारक जोन एक से जोन चार में शामिल हैं। रिकॉर्ड के अनुसार इन 400 बड़े बकायेदारों पर 33 करोड़ रुपये से अधिक का संपत्ति कर बकाया है। बकाया राशि जमा कराने के लिए सभी को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। नगर निगम इन बड़े बकायेदारों के बैंक खातों का पूरा विवरण एकत्र कर रहा है, ताकि समय रहते हाउस टैक्स की वसूली की जा सके और कानूनी कार्रवाई को प्रभावी बनाया जा सके।
चार साल से टैक्स नहीं देने वालों की बनेगी सूची
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि संपत्ति कर विभाग ऐसे लोगों की सूची तैयार कर रहा है, जिन्होंने चार साल या उससे अधिक समय से हाउस टैक्स जमा नहीं किया है। ऐसे मामलों में प्राथमिकता के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
























