शिव शांति आश्रम पहुंचे, पार्थिव शरीर पर अर्पित की पुष्पांजलि
लखनऊ,संवाददाता : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लखनऊ स्थित शिव शांति आश्रम पहुंचे और आश्रम के पीठाधीश्वर संत शिरोमणि साईं चांडूराम जी के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और उपस्थित शोकाकुल श्रद्धालुओं के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं। मुख्यमंत्री योगी ने संत शिरोमणि के पार्थिव शरीर पर केसरिया अंगवस्त्र ओढ़ाया और उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
गौरतलब है कि संत शिरोमणि साईं चांडूराम जी बुधवार को ब्रह्मलीन हो गए थे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी ने गहरा शोक जताते हुए अपने सोशल मीडिया संदेश में लिखा था:”सिंधी समाज के प्रमुख धर्मगुरु, पूज्य श्री शांति आश्रम के पीठाधीश्वर, संत शिरोमणि श्री सांईं चांडूराम साहिब जी का निधन अत्यंत दु:खद और आध्यात्मिक समाज की अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं उनके शोक संतप्त अनुयायियों के साथ हैं। भगवान झूलेलाल से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और अनुयायियों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति।”
आश्रम परिसर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान शिव शांति आश्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर कोई भावुक नजर आया और संत शिरोमणि को अंतिम विदाई देने पहुंचा। श्रद्धालुओं और अनुयायियों ने संत जी के आदर्शों और उपदेशों पर चलने का संकल्प लिया तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की बात कही।