त्योहार के दौरान दुर्घटना व आपात स्थिति से निपटने को विशेष निगरानी, 24 घंटे कंट्रोल रूम से होगी मॉनिटरिंग
अमेठी, संवाददाता : होली पर्व को लेकर जिले का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्योहार के दौरान किसी भी दुर्घटना, झगड़ा या स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति से निपटने के लिए 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी एंबुलेंस को चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में तैनात किया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक एंबुलेंस में आवश्यक जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं और चिकित्सा कर्मियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रोग्राम मैनेजर संजय प्रजापति ने बताया कि होली के अवसर पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जाएगी।
जिला प्रभारी जितेंद्र त्रिपाठी एवं लीलाधर तिवारी ने संयुक्त रूप से कहा कि आमजन किसी भी दुर्घटना या स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तुरंत 108 या 102 नंबर पर कॉल करें। जिले की सभी टीमें 24 घंटे सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। होली के मद्देनजर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर उपचार और सहायता मिल सके।





















