बसुकेदार क्षेत्र के छेनागाड़ में विगत 28 अगस्त को बादल फटने की घटना में भयावह आपदा आई थी
रुद्रप्रयाग,संवाददाता : उत्तराखंड के छेनागाड़ आपदा के मलबे में लापता नौ लोगों में से अब तक सात लोगों के शव बरामद किये जा चुके हैं जबकि दो अभी भी लापता हैं। लापता लोगों में चार नेपाली मूल के लोग भी शामिल हैं। रुद्रप्रयाग जिले के छेनागाड़ में आई आपदा में लापता लोगों के शवों के मिलने का सिलसिला शुरू हो गया है। बीते शुक्रवार को दो शव मिलने के बाद शनिवार को पांच और शव बरामद किये गये हैं। अभी भी दो लोग मिसिंग चल रहे हैं और खोज एंव तलाश अभियान लगातार जारी है। इन दिनों सर्च अभियान में तेजी लाई गई है।
दरअसल बसुकेदार क्षेत्र के छेनागाड़ में विगत 28 अगस्त को बादल फटने की घटना में भयावह आपदा आई थी, जिसमें छेनागाड़ कस्बे का पूरी तरह से नामोनिशान मिट गया था। रात्रि के समय आई आपदा में जो लोग यहां रह रहे थे, वह भी लापता हो गये थे। जिनकी खोजबीन लगातार जारी है। इन दिनों मौसम साफ होने पर तेज गति से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। शवों की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे हैं, जबकि शवों को पोस्टमार्टम के लिये जिला चिकित्सालय भेजा जा रहा है। आपदा में कुल नौ लोग लापता हो गये थे जिनमें पांच स्थानीय और चार नेपाली मूल के लोग शामिल थे। सात लोगों के शव बरामद हो गये हैं जबकि अन्य दो अन्य लापता चल रहे लोगों की भी लगातार तलाश किया जा रहा है। घटना स्थल से दूर शव बरामद हो रहे हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि आपदा के बाद से लगातार तलाश व खोज अभियान चलाया जा रहा है। दो दिनों में सात शव बरामद हो गये हैं। अभी तक एक शव की पहचान हो पाई है जबकि बाकी शवों की पहचान करने के प्रयास किये जा रहे हैं।
























