सीएम योगी करेंगे चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के यूपी परिसर का लोकार्पण
लखनऊ,संवाददाता : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को उन्नाव में भारत के पहले एआई-सक्षम मल्टीडिसिप्लिनरी विश्वविद्यालय के उत्तर प्रदेश परिसर का उद्घाटन करेंगे। यह आधुनिक विश्वविद्यालय लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थापित किया गया है और इसे चंडीगढ़ विश्वविद्यालय द्वारा संचालित किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि बीते छह वर्षों में योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र में अनुकूल माहौल तैयार किया है, जिससे देश-विदेश के प्रमुख शैक्षिक संस्थान राज्य में निवेश कर रहे हैं। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय का आगमन इसी विश्वास का परिचायक है। उन्होंने बताया कि यह विश्वविद्यालय भारत की शीर्ष पांच यूनिवर्सिटियों में शामिल है और यहां सभी कोर्स आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकों से संचालित होंगे।
तकनीक आधारित शिक्षा से छात्रों को मिलेगा वैश्विक प्रतिस्पर्धा में लाभ
मंत्री उपाध्याय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को सस्ती, गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराना है। अब तक प्रदेश में 20 निजी और 8 सरकारी विश्वविद्यालय स्थापित हो चुके हैं। सभी विश्वविद्यालयों को रोजगारोन्मुखी और नवाचार को बढ़ावा देने वाले पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एआई आधारित शिक्षा से छात्र न केवल तकनीकी रूप से दक्ष बनेंगे, बल्कि स्टार्टअप संस्कृति और अनुसंधान में भी प्रगति करेंगे। इस पहल से उत्तर प्रदेश अब पारंपरिक शिक्षा से आगे बढ़कर भविष्य उन्मुख और वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय का यह नया परिसर प्रदेश को राष्ट्रीय शिक्षा मानचित्र पर नई ऊंचाई देगा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा।