आठ राज्यों की 28 नदियों में 3,150 दिन तक चला सर्वेक्षण
लखनऊ,संवाददाता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गिर राष्ट्रीय उद्यान में आयोजित सातवीं राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की बैठक में भारत की पहली नदी डॉल्फिन अनुमान रिपोर्ट का अनावरण किया। इस रिपोर्ट के अनुसार, देश में कुल 6,327 डॉल्फिन हैं, जिनमें से 2,397 डॉल्फिन उत्तर प्रदेश में पाई गईं, जो देश की कुल आबादी का 40% है। सरकारी बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश इस मामले में पहले स्थान पर है, जबकि बिहार (2,220), पश्चिम बंगाल (815) और असम (635) क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के अनुसार, यह सर्वेक्षण आठ राज्यों की 28 नदियों में किया गया, जिसमें 8,500 किलोमीटर की दूरी तय की गई। इस प्रक्रिया में कुल 3,150 दिन लगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने 17 अक्टूबर 2023 को गांगेय डॉल्फिन को राज्य का जलीय जीव घोषित किया। राज्य में गंगा, यमुना, चंबल, घाघरा, राप्ती और गेरुआ नदियों में डॉल्फिन की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। सरकार का कहना है कि यह उपलब्धि वनों, पर्यावरण और जलीय वन्यजीव संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।