17 मार्च को लखनऊ के 5-स्टार होटल ‘द सेंट्रम’ में 800 से ज्यादा मेहमान होंगे शामिल
लखनऊ, संवाददाता : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने 14 मार्च 2026 को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह (वंशिका चड्ढा) के साथ उत्तराखंड के मशहूर हिल स्टेशन मसूरी में शादी रचा ली। दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते थे और कानपुर में साथ बड़े हुए। लंबे समय की दोस्ती अब शादी के रिश्ते में बदल गई। शादी समारोह मसूरी में बेहद शाही अंदाज में संपन्न हुआ, जिसमें करीबी रिश्तेदारों, दोस्तों और क्रिकेट जगत से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।
लखनऊ में ग्रैंड रिसेप्शन
शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम लग्जरी 5-स्टार होटल में होगा। दोनों परिवार मसूरी से लखनऊ के लिए रवाना हो चुके हैं और होटल प्रबंधन ने भी खास तैयारियां शुरू कर दी हैं। रिसेप्शन में 800 से ज्यादा मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। क्रिकेट जगत से कई बड़े नामों के आने की उम्मीद है। राजनीतिक क्षेत्र से भी कई प्रमुख हस्तियां कार्यक्रम में पहुंच सकती हैं,
करोड़ों के इंतजाम, शाही सजावट
रिसेप्शन को भव्य बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। होटल का एक दिन का किराया करीब 26 लाख रुपये बताया जा रहा है। वहीं फूलों, लाइटिंग और स्टेज की सजावट पर करीब 7 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। खाने-पीने, कमरों और अन्य व्यवस्थाओं को मिलाकर कुल खर्च 33 लाख रुपये से ज्यादा होने का अनुमान है।
मेहमानों के लिए खास मेन्यू
रिसेप्शन में होटल का सबसे महंगा ‘प्लेटिनम मिक्स डिनर पैकेज’ चुना गया है। एक प्लेट की कीमत करीब 5000 रुपये (टैक्स अलग) है। इस पैकेज में कुल 52 तरह की डिशेज शामिल होंगी। मेन्यू में 8 वेलकम ड्रिंक्स, 2 लाइव कुकिंग स्टेशन, वेज बिरयानी, प्रीमियम आइसक्रीम और कई खास व्यंजन शामिल होंगे। मेहमानों के लिए हिमालय और वेदिका जैसे प्रीमियम ब्रांड का पैकेज्ड पानी भी उपलब्ध रहेगा।
होटल में खास इंतजाम
सुषांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में स्थित The Centrum को शानदार मेहमाननवाजी और खूबसूरत माहौल के लिए जाना जाता है। रिसेप्शन के लिए होटल का सबसे बड़ा खुला लॉन ‘लेबर्नम लॉन’ तैयार किया गया है, जहां 800 से अधिक मेहमानों के बैठने की व्यवस्था होगी। VVIP मेहमानों के लिए एग्जीक्यूटिव सूट बुक किए गए हैं, जिनका किराया लगभग 30 हजार रुपये प्रतिदिन है। रिश्तेदारों के लिए डीलक्स और प्रीमियम रूम (करीब 16 हजार रुपये प्रतिदिन) तथा खास मेहमानों के लिए सेंट्रम विला (करीब 45 हजार रुपये प्रतिदिन) बुक किए गए हैं।






















