आईसीसी ने पाकिस्तान से फैसले पर पुनर्विचार की अपील की
नई दिल्ली, संवाददाता : आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से होने जा रहा है, जिसकी संयुक्त मेजबानी भारत और श्रीलंका कर रहे हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान सरकार के एक फैसले ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में विवाद खड़ा कर दिया है। पाकिस्तान ने स्पष्ट किया है कि उसकी टीम टूर्नामेंट में तो हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाकिस्तान मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी।
आईसीसी ने की पुनर्विचार की अपील
पाकिस्तान सरकार के इस फैसले पर आईसीसी ने नाराज़गी जताते हुए उससे दोबारा विचार करने का आग्रह किया है। इसके बावजूद मामला लगातार चर्चा और आलोचना का विषय बना हुआ है। भारत और पाकिस्तान के कई पूर्व क्रिकेटरों ने भी इस फैसले की कड़ी निंदा की है।
श्रीकांत का तीखा बयान
इसी बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने पाकिस्तान को लेकर तीखा बयान दिया है। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए श्रीकांत ने पाकिस्तान को “खाली बर्तन” बताया और कहा कि जो ज्यादा शोर मचाते हैं, उनकी स्थिति कमजोर होती है। श्रीकांत ने कहा, “अगर पाकिस्तान खेले या न खेले, इससे भारत को कोई फर्क नहीं पड़ता। खाली बर्तन ज्यादा शोर करते हैं। पाकिस्तान डरा हुआ है और सुर्खियों में बने रहने के लिए ऐसे बयान दे रहा है।”
हार का इतिहास गिनाया
श्रीकांत ने आगे कहा कि एशिया कप में भी पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ सभी मुकाबले खेले थे, लेकिन हर बार उसे हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने याद दिलाया कि जब एशिया कप दुबई में आयोजित हुआ था, तब भारत और पाकिस्तान की टीमें तीन बार आमने-सामने आई थीं और तीनों मुकाबलों में पाकिस्तान को हार मिली थी।
क्रिकेट जगत में बढ़ा विवाद
पाकिस्तान के इस फैसले और उस पर आए तीखे बयानों के बाद क्रिकेट जगत में माहौल गरमा गया है। अब सभी की नजरें आईसीसी के अगले कदम और पाकिस्तान के अंतिम फैसले पर टिकी हुई हैं।























