गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन व बल्लेबाजों की मजबूत बल्लेबाजी ने दिया जीत को अंजाम
नई दिल्ली, संवाददाता : समीर रिजवी की करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी और गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दिल्ली ने मुंबई को 162 रन पर रोकने के बाद 18.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 164 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 7 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में समीर रिजवी ने जिम्मेदारी संभाली और 51 गेंदों में 90 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 7 छक्के जड़े। पाथुम निसांका (44) के साथ उन्होंने तीसरे विकेट के लिए 66 रन और डेविड मिलर (नाबाद 21) के साथ चौथे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई।मुंबई इंडियंस की ओर से कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों में 51 रन बनाए, जबकि रोहित शर्मा ने 35 रन और नमन धीर ने 28 रन का योगदान दिया। हालांकि टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल नहीं हो सकी और 162 रन पर सिमट गई।
दिल्ली के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें मुकेश कुमार ने 2 विकेट लिए। उनके अलावा अक्षर पटेल, लुंगी एनगिडी, विपराज निगम और टी. नटराजन ने एक-एक विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती झटकों के बावजूद दिल्ली ने संयम बनाए रखा और अंत में आसानी से जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स का आत्मविश्वास बढ़ा है, जबकि मुंबई इंडियंस को आगामी मैचों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा
























