भारत-पाक मुकाबले में नहीं उतरेगी पाक टीम, बाकी मैचों में भागीदारी को मंजूरी
लाहौर : पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के अपने बहुप्रतीक्षित ग्रुप लीग मुकाबले के बहिष्कार की औपचारिक घोषणा रविवार को कर दी। हालांकि पाकिस्तान सरकार ने 7 फरवरी से शुरू हो रहे टूर्नामेंट के अन्य सभी मैचों में राष्ट्रीय टीम की भागीदारी को मंजूरी दे दी है। पाकिस्तान सरकार के इस फैसले को टी20 विश्व कप में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने के विरोध के रूप में देखा जा रहा है। दरअसल, बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत के खिलाफ अपने मैच श्रीलंका स्थानांतरित करने की मांग की थी, जिसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने खारिज कर दिया था।
पाकिस्तान सरकार ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर जारी बयान में कहा कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने की अनुमति दी गई है, लेकिन टीम 15 फरवरी 2026 को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबले में मैदान पर नहीं उतरेगी। सरकार ने बयान में कहा, “इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम की भागीदारी को मंजूरी देती है, हालांकि पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ निर्धारित मैच में भाग नहीं लेगी।”
इस फैसले के साथ ही टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर चल रही अटकलों का दौर समाप्त हो गया है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में हो रहे इस टूर्नामेंट के दौरान यह फैसला क्षेत्र में बढ़े राजनीतिक तनाव के बीच सामने आया है। इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने स्पष्ट किया था कि बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के बाद टीम की भागीदारी पर अंतिम निर्णय पाकिस्तान सरकार द्वारा ही लिया जाएगा।























