भारत के खिलाफ श्रृंखला से मिली सीख को विश्व कप में भुनाने की तैयारी
तिरुवनंतपुरम : न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा है कि उनकी टीम टी20 विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन के लिए उपमहाद्वीप में अपने पिछले अनुभव और विभिन्न परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता पर भरोसा करेगी। सात फरवरी से शुरू होने वाले टी20 विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ तीन वनडे और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।
भारत के खिलाफ पांचवें टी20 मैच के बाद शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में सैंटनर ने कहा, “मुझे लगता है कि हमारे कुछ खिलाड़ी हाल के आईपीएल में या अपने करियर के दौरान चेन्नई में मैच खेल चुके हैं। पिछले कुछ वर्षों में यह साबित हुआ है कि चेन्नई की पिच काफी अच्छी रहती है।” टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड को ग्रुप बी में अफगानिस्तान, यूएई, दक्षिण अफ्रीका और कनाडा के साथ रखा गया है। कीवी टीम ग्रुप चरण के तीन मैच चेन्नई में जबकि एक मैच अहमदाबाद में खेलेगी। इनमें से दो मुकाबले सुबह 11 बजे शुरू होंगे, जबकि अन्य मैच दोपहर तीन बजे और शाम सात बजे खेले जाएंगे।
सैंटनर ने कहा कि न्यूजीलैंड के पास इन चुनौतियों से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं। उन्होंने कहा, “दिन के मैच थोड़ा अलग होंगे। खिलाड़ियों को अपनी दिनचर्या में बदलाव करना पड़ेगा और थोड़ा जल्दी उठना होगा। अहमदाबाद में हम लाल मिट्टी की पिच पर खेलेंगे और चेन्नई में काली मिट्टी की पिच पर, इसलिए परिस्थितियां अलग होंगी।” उन्होंने कहा कि टीम को हर तरह की परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना होगा। “चेन्नई में हम तीन मैच खेलेंगे। अगर पिच अलग होती है या वैसी ही रहती है, तो हमें पता है कि कैसे खेलना है।” भारत के खिलाफ टी20 श्रृंखला में 1-4 की हार के बावजूद सैंटनर ने इसे विश्व कप की तैयारी के लिहाज से अहम बताया। उन्होंने कहा, “हम जानते थे कि भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलना आसान नहीं होगा। नतीजे भले निराशाजनक रहे हों, लेकिन सीखने के मामले में, खासकर गेंदबाजों के लिए, यह श्रृंखला काफी फायदेमंद रही।”
























