भावनात्मक क्षणों में कही गई बातों को गलत समझा गया : मैरी कॉम
दिल्ली, संवाददाता : ओलंपिक पदक विजेता और छह बार की वर्ल्ड चैंपियन महिला मुक्केबाज मैरी कॉम ने अपने पूर्व पति को लेकर दिए गए बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। रविवार को इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में मैरी कॉम ने कहा कि एक टॉक शो के दौरान उनकी टिप्पणियों को गलत तरीके से समझा गया और वे बयान अत्यधिक भावनात्मक क्षणों में सामने आए थे।
मैरी कॉम ने कहा, “मैं माफी मांगना चाहती हूं। मेरे बयानों की वजह से सोशल मीडिया पर कई लोग भ्रमित हुए। मैं खासतौर पर पुरुष समुदाय से दिल से क्षमा चाहती हूं, जिन्हें मेरी बातों से ठेस पहुंची।” उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका बयान किसी भी तरह से सभी पुरुषों को निशाना बनाने या किसी व्यक्ति को अपमानित करने के उद्देश्य से नहीं था।
तनाव का नतीजा था बयान
मैरी कॉम ने बताया कि उनके बयान निजी मुद्दों और वर्षों से चले आ रहे मानसिक और भावनात्मक तनाव से जुड़े थे। उन्होंने कहा, “वह पूरी तरह हमारे निजी विवाद से संबंधित था। उस समय वर्षों का दबा हुआ दर्द, अवसाद और इस्तेमाल किए जाने तथा धोखा दिए जाने की भावना एक साथ बाहर आ गई।”
किसी खेल खिलाफ नहीं थीं टिप्पणियां
मैरी कॉम ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी बातें न तो फुटबॉल, न फुटबॉल संस्कृति और न ही खेल जगत के खिलाफ थीं। उन्होंने कहा कि वह खेलों का पूरा सम्मान करती हैं और स्वयं फुटबॉल खेलना पसंद करती हैं। उन्होंने कहा, “हर एथलीट अपनी यात्रा ज़मीनी स्तर से शुरू करता है। जो लोग कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प रखते हैं, वही सुनील छेत्री और बाइचुंग भूटिया जैसे खिलाड़ी बनते हैं।” उन्होंने उन दावों को खारिज किया कि उनका बयान किसी खेल या उसके खिलाड़ियों को लेकर था।
पूर्व पति के दावों पर भी रखी अपनी बात
अपने पूर्व पति के इस दावे पर कि उन्होंने शादी के लिए अपना फुटबॉल करियर कुर्बान किया, मैरी कॉम ने कहा कि वे शिलांग में फुटबॉल खेलते थे, लेकिन जब दोनों की मुलाकात दिल्ली में हुई, तब तक वे खेल छोड़ चुके थे। उन्होंने इस बात को भी खारिज किया कि उनकी शादी शुरू से ही असफल थी। मैरी ने कहा, “कई वर्षों तक सब कुछ ठीक था। जब भरोसा पूरी तरह टूट गया, तभी हालात बदलने लगे।”
तलाक के बाद भी सार्वजनिक बयान से रखा संयम
मैरी कॉम ने बताया कि अप्रैल 2025 में तलाक के बाद, उन पर कई आरोप लगाए गए, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने सार्वजनिक रूप से कुछ भी कहने से परहेज किया। उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा खुद को गरिमा और आत्म-नियंत्रण के साथ प्रस्तुत किया है।”
टॉक शो बयान बना सोशल मीडिया विवाद
गौरतलब है कि एक टॉक शो के दौरान पूर्व पति को लेकर मैरी कॉम का यह बयान कि उन्होंने “एक भी रुपया नहीं कमाया” सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद उन्हें पति को कमतर आंकने के आरोपों के चलते तीव्र आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।























