टी-20 वर्ल्ड कप के महामुकाबले में भारतीय टीम का ऑलराउंड प्रदर्शन
टी-20 वर्ल्ड कप के सबसे बड़े मुकाबले में भारत ने कोलंबो के मैदान पर पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी में दमदार प्रदर्शन और फिर घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय टीम ने मैच पूरी तरह अपने नाम कर लिया। 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम भारतीय आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।
ईशान किशन की आतिशी पारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। मैच के हीरो रहे इशान किशन, जिन्होंने सिर्फ 40 गेंदों पर 77 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद तिलक वर्मा और ईशान के बीच दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की अहम साझेदारी हुई। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रनों का योगदान दिया, जबकि शिवम दुबे ने 27 रन जोड़े। पाकिस्तान की ओर से साइम अयूब सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट लिए।
भारतीय गेंदबाजों का कहर
176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार अंतराल पर विकेट लेकर विपक्ष को उबरने का मौका नहीं दिया।
- वरुण चक्रवर्ती – 16वें ओवर में अबरार अहमद और फहीम अशरफ को लगातार दो गेंदों पर आउट कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
- जसप्रित बुमराह – सईम अयूब और सलमान अली आगा को सस्ते में पवेलियन भेजा।
- अक्षर पटेल – उस्मान खान (44 रन) और कप्तान बाबर आजम (5 रन) के अहम विकेट चटकाए।
- हार्दिक पंड्या – साहिबजांदा फरहान को शून्य पर आउट किया।
- कुलदीप यादव – मोहम्मद नवाज का विकेट लिया।
- पूरी पाकिस्तानी टीम 114 रनों पर सिमट गई और भारत ने मुकाबला 61 रनों से जीत लिया।
























