हार्दिक की वापसी से मध्यक्रम और गेंदबाजी विभाग होंगे मजबूत
नई दिल्ली,संवाददाता : वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (2025-27) में भारतीय टीम का प्रदर्शन इस सीजन अपेक्षाकृत निराशाजनक रहा है। अब तक टीम इंडिया ने 9 मैच खेले हैं, जिनमें 4 जीत, 4 हार और 1 ड्रॉ शामिल है, और टीम पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर है।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने कहा है कि ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की टेस्ट टीम में वापसी न केवल टीम के लिए बल्कि पंड्या के लिए भी महत्वपूर्ण होगी। उथप्पा के अनुसार, हार्दिक ने आखिरी टेस्ट 2018 में खेला था, जिसके बाद वह केवल व्हाइट-बॉल फॉर्मेट तक ही सीमित रहे हैं।
उथप्पा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में बताया कि अगर हार्दिक नंबर-7 के रूप में टेस्ट में वापसी करते हैं, तो यह शानदार होगा। उन्होंने कहा, “अगर हार्दिक टेस्ट में वापस खेलना चाहते हैं और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीतना चाहते हैं, तो मुझे नहीं लगता कि BCCI उन्हें रोकेगा। क्रिकेट में कुछ भी हो सकता है, कभी भी ना मत कहो।”
फिटनेस और गेंदबाजी क्षमता
उथप्पा ने कहा कि वर्तमान में नीतीश कुमार रेड्डी जैसे ऑलराउंडर 20 ओवर तक गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। हार्दिक अपनी मौजूदा फिटनेस को देखते हुए आसानी से 12-15 ओवर गेंदबाजी कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह इस बात पर निर्भर करता है कि ऑलराउंडर खुद टेस्ट में वापस आना चाहते हैं या नहीं।
हार्दिक की वापसी से टीम को मजबूती
ज्ञात हो कि चोटिल होने के कारण हार्दिक पहले भी टेस्ट क्रिकेट से दूरी बनाए रहे हैं। बावजूद इसके, उनकी वापसी से भारतीय टीम को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा, क्योंकि फिलहाल उनके स्थान के लिए कोई उपयुक्त विकल्प नहीं मिला है। पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा का मानना है कि अगर हार्दिक टेस्ट क्रिकेट में लौटते हैं, तो टीम इंडिया का मध्यक्रम और गेंदबाजी विभाग दोनों ही मजबूत होंगे।
























