फैसला पाकिस्तान की प्रतिष्ठा और खिलाड़ियों के भविष्य को पहुंचा सकता है नुकसान : कपिल देव
नई दिल्ली, संवाददाता : पाकिस्तान के टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के फैसले ने क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया है। पाकिस्तान ने रविवार को घोषणा की कि वे टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे। यह फैसला बांग्लादेश के बाहर होने के बाद लिया गया, जब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सुरक्षा चिंताओं के कारण भारत से अपने मैच शिफ्ट करने के अनुरोध को खारिज कर दिया।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज कप्तान कपिल देव ने इस मामले पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने मैच का बहिष्कार करने का फैसला लिया है, तो इससे पाकिस्तान की प्रतिष्ठा और देश के मौजूदा खिलाड़ियों को नुकसान होगा। कपिल देव ने कहा, “अगर यह फैसला खिलाड़ियों ने लिया है तो वे सामने आकर कह सकते हैं, लेकिन अगर बोर्ड कहता है कि आप नहीं खेलेंगे तो देश की इज्जत कम होती है।”
कपिल देव ने आगे कहा, “यह पाकिस्तान के लिए अच्छा नहीं दिख रहा है। आप पीढ़ी को खत्म कर रहे हैं। पाकिस्तान ने हमें सालों से शानदार टैलेंट दिए हैं। लेकिन अगर आप इन खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप में खेलने नहीं देंगे तो आप पीढ़ी को खत्म कर रहे हैं और खेल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। आप अपने ही खिलाड़ियों के साथ नाइंसाफी कर रहे हैं।” आईसीसी ने भी पाकिस्तान के फैसले पर चिंता जताते हुए उनसे अपने रुख पर फिर से विचार करने को कहा है, क्योंकि इससे देश में क्रिकेट पर लंबे समय तक असर पड़ सकता है। कपिल देव ने चेतावनी दी, “अगर मैच नहीं होता है तो दर्शक दुखी होंगे, लेकिन अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के अपने फैसले पर कायम रहता है तो उसे अपने फैंस और समर्थकों को खोना पड़ेगा।”























