देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्षों के सुशासन का साक्षी है
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश पुलिस में 60,244 आरक्षियों की नियुक्ति को लेकर आयोजित भव्य समारोह में आज गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
गृहमंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा, आज किसी भी युवा को एक भी पैसा नहीं देना पड़ा। न खर्चा, न पर्ची, न सिफारिश केवल योग्यता के आधार पर चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि सिपाही भर्ती में 12,000 से अधिक बेटियाँ शामिल हैं। उनके चेहरों की मुस्कान और तेज देखकर सुकून मिला। उन्होंने प्रशिक्षु सिपाहियों को संबोधित करते हुए कहा: ट्रेनिंग में जितना पसीना बहाओगे, ड्यूटी में उतना कम खून बहेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते आठ वर्षों में राज्य में 8.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। आज का दिन शासन की पारदर्शिता और निष्पक्षता का प्रतीक है। दलित, पिछड़े, महिलाएं सभी को समान अवसर मिला है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 11 वर्षों के सुशासन का साक्षी है, और ये भर्ती उसी भावना का विस्तार है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार से पहले यूपी में हिंसा और गुंडागर्दी थी, जिसे अब समाप्त कर दिया गया है। अब भ्रष्टाचार मुक्त और नकलविहीन परीक्षाएं हो रही हैं। उन्होंने सिपाहियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा: अब आप यूपी पुलिस का हिस्सा बनकर जनता की सेवा में लगेंगे। ये कर्तव्यपथ की शुरुआत है।