फैंस और फिल्म जगत कर रहे हैं। उनकी जल्द सलामती की दुआ
मुंबई, संवाददाता : हिंदी सिनेमा के मशहूर अभिनेता प्रेम चोपड़ा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 92 वर्षीय अभिनेता का इलाज वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नितिन गोखले और डॉ. जलील पार्कर की देखरेख में चल रहा है। सूत्रों के मुताबिक, प्रेम चोपड़ा को शरीर में इंफेक्शन फैलने के कारण तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें अगले दो से तीन दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा। डॉक्टरों की एक विशेष टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नज़र बनाए हुए है।
धर्मेंद्र के बाद आई प्रेम चोपड़ा की सेहत को लेकर खबर
कुछ घंटे पहले ही अभिनेता धर्मेंद्र के वेंटिलेटर सपोर्ट पर होने की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में चिंता बढ़ गई थी। इसी बीच प्रेम चोपड़ा के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी सामने आने के बाद बॉलीवुड जगत में एक बार फिर बेचैनी का माहौल है। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों और प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ की है।
पहले भी फैली थी निधन की अफवाह
गौरतलब है कि कुछ साल पहले भी सोशल मीडिया पर प्रेम चोपड़ा के निधन की झूठी खबर वायरल हुई थी, जिससे उनके चाहने वाले परेशान हो गए थे। तब खुद अभिनेता ने सामने आकर इस अफवाह को खारिज करते हुए मुस्कुराते हुए कहा था—“लोग बिना वजह ऐसी गलत बातें फैलाते हैं, जिससे परिवार और दोस्तों को अनावश्यक चिंता होती है।” उन्होंने सभी से अपील की थी कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल विश्वसनीय स्रोतों से मिली जानकारी पर ही विश्वास करें।
सिनेमा का सुनहरा दौर और ‘प्रेम नाम है मेरा…’
प्रेम चोपड़ा ने अपने करियर में 380 से अधिक फिल्मों में काम किया। उन्होंने हिंदी सिनेमा को कई यादगार खलनायक किरदार दिए। उनकी संवाद पंक्ति —“प्रेम नाम है मेरा… प्रेम चोपड़ा!” आज भी दर्शकों की जुबान पर है। अपने लंबे फिल्मी सफर में उन्होंने न केवल विलेन बल्कि एक सशक्त चरित्र अभिनेता के रूप में भी अपनी पहचान बनाई।






















