सतर्कता अधिष्ठान कर्मचारियों और उनके रिश्तेदारों के अवैध कब्जों की जांच करने की भी मांग
महराजगंज रायबरेली: महराजगंज रायबरेली में एंटी करप्शन द्वारा लेखपालों पर की जा रही लगातार कार्यवाही और गिरफ्तारियों से आहत लेखपालों ने शनिवार को तहसील प्रांगण में एक दिवसीय धरना दिया। लेखपाल संघ अध्यक्ष दर्शिता श्रीवास्तव ने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग के फील्ड कर्मचारी होते हैं, जो जनता से सीधे जुड़े होते हैं। भूमि विवाद जैसे मामलों में असंतोष होना स्वाभाविक है, लेकिन इसके चलते लेखपालों के खिलाफ साजिश रची जाती है और एंटी करप्शन टीम द्वारा उन्हें पकड़ा जा रहा है, जो गलत है। इससे कर्मचारियों में भय का माहौल बन रहा है, जिससे वे सही तरीके से कार्य नहीं कर पा रहे हैं।लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में एंटी करप्शन और विजिलेंस विभाग की कार्यवाही पर अंकुश लगाने की मांग की है। साथ ही सतर्कता अधिष्ठान कर्मचारियों और उनके रिश्तेदारों के अवैध कब्जों की जांच करने की भी मांग की है। धरने में लेखपाल अवनीश प्रताप सिंह, शैलेंद्र कुमार, लवकेश सिंह, अमित कुमार शुक्ला, सुनील कुमार, राजेश कुमार सहित दर्जनों लेखपाल मौजूद रहे।