बाल विकास सेवा की 897 परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं
लखनऊ,संवाददाता : उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कुपोषण के खिलाफ व्यापक और प्रभावशाली अभियान चलाते हुए अब तक सवा दो करोड़ से अधिक लोगों के जीवन को नई दिशा दी है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस राज्यव्यापी पोषण अभियान ने बच्चों, महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य स्तर में महत्वपूर्ण सुधार किया है।
प्रदेश के सभी 75 जिलों में समेकित बाल विकास सेवा की 897 परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं। इसके अंतर्गत छह वर्ष तक के लगभग 1.82 करोड़ बच्चों को लाभ पहुंचाया गया, जिसमें से 1.33 लाख अति-कुपोषित बच्चों की विशेष देखभाल की गई है। सरकार द्वारा 13.5 लाख गर्भवती और 10.70 लाख धात्री महिलाओं को नियमित रूप से पोषण और चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। यह प्रयास शिशु मृत्यु दर में लगातार कमी लाने में मददगार साबित हो रहा है।
सीएम योगी की सख्त हिदायतें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ मिलना चाहिए।
- आंगनवाड़ी केंद्रों की निगरानी
- पोषण ट्रैकिंग और समय-समय पर जांच
- आवश्यक पोषक आहार की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जागरूकता से बदलाव की ओर
कुपोषण के खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने के लिए ग्राम पंचायतों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। इन अभियानों में लोगों को पोषण के महत्व और कुपोषण के दुष्प्रभाव के प्रति शिक्षित किया गया।