किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है,सरकार की निगरानी एवं प्रबंधन प्रणाली
नई दिल्ली, संवाददाता : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार सुबह जानकारी दी कि राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर अब खतरे के निशान से नीचे आ गया है और सरकार हालात पर पैनी नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि “सुबह 6 बजे पुराने रेलवे पुल पर यमुना का जलस्तर 204.76 मीटर रिकॉर्ड किया गया, जो कि 205.33 मीटर के खतरे के निशान से नीचे है।” उन्होंने बताया कि मंगलवार से ही यमुना में जलस्तर में गिरावट शुरू हो गई थी, जो आज और भी संतोषजनक स्तर पर आ गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा: यह संतोष की बात है कि यमुना का जलस्तर अब खतरे के निशान से काफी नीचे है। जल निकासी की दर, नदी में आने वाले पानी से अधिक बनी हुई है। हम पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। मुख्यमंत्री गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि: हथिनीकुंड बैराज से 31,016 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वजीराबाद बैराज से 41,200 क्यूसेक पानी की निकासी हुई जबकि ओखला बैराज से 79,840 क्यूसेक पानी बाहर निकाला गया। सरकार की निगरानी एवं प्रबंधन प्रणाली 24 घंटे सक्रिय है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।