चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता, दो तमंचे व कारतूस बरामद
सिधौली, संवाददाता : पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय दो हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पिंटू पुत्र रामजीवन, निवासी झखरावा (थाना सिधौली) तथा सुफियान पुत्र इस्माइल, निवासी मोहल्ला सिद्धेश्वर नगर, को नियमित चेकिंग अभियान के दौरान पकड़ा गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देसी तमंचे (15 बोर) एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया और उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है, जिसके चलते अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है।






















