मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी
लखनऊ,संवाददाता : अलीगंज क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मंदिर की जर्जर दीवार गिरने से घायल हुए छह महीने के शिशु की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने घटना की पुष्टि की है।
यह हादसा सुबह करीब 11 बजे अलीगंज थाना क्षेत्र के डंडिया स्थित एक पुराने हनुमान मंदिर में हुआ। बताया जा रहा है कि मंदिर की एक पुरानी दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में वहां रह रहे लोग आ गए। पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने मंदिर की दीवार के किनारे अस्थायी झोपड़ियां बना रखी थीं और वहीं निवास कर रहे थे। हादसे में मूल रूप से सीतापुर के मिश्रिख निवासी और वर्तमान में मंदिर के पास रह रहे ऑटोरिक्शा चालक गजोधर का छह महीने का बेटा मलबे में दब गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शिशु को मलबे से निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए (केजीएमयू) रेफर कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, केजीएमयू में इलाज के दौरान शिशु ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
























