ईमेल से मिली धमकी निकली अफवाह, पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने की जांच

सुल्तानपुर, संवाददाता : सुल्तानपुर के प्रधान डाकघर में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ईमेल के जरिए बम होने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और पूरे परिसर को तत्काल खाली कराया गया।
डाकघर के पोस्टमास्टर सुरेंद्र कुमार चौबे ने सुबह करीब 11 बजे धमकी भरा मेल मिलने के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी। सीओ सिटी सौरभ सामंत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनज़र डाकघर भवन को खाली कराया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया। करीब आधे घंटे तक चली जांच में कहीं भी कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों ने राहत की सांस लेते हुए इसे अफवाह करार दिया।

क्या था धमकी भरे मेल में
मेल में दावा किया गया था कि डाकघर परिसर के वॉशरूम में साइनाइड गैस से भरे 19 बम रखे गए हैं, जो दोपहर 2:10 बजे फटेंगे। साथ ही लोगों को नाक और मुंह ढकने की चेतावनी दी गई थी।

जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी तरह का खतरा नहीं पाया गया है। फिलहाल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर जांच शुरू कर दी गई है।
लोगों में दहशत, फिर मिली राहत
घटना के दौरान डाक कर्मचारियों और आम लोगों में डर का माहौल रहा, लेकिन जांच पूरी होने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। यह घटना एक फर्जी धमकी साबित हुई, लेकिन प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई कर किसी भी संभावित खतरे को टाल दिया।
























