इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में दौड़ा दी है शोक की लहर
मुंबई,संवाददाता : महाराष्ट्र के पुणे जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कम से कम चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह भयावह दुर्घटना जेजूरी-मोरगांव रोड पर बुधवार रात करीब सात बजे किर्लोस्कर कंपनी के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक पिकअप ट्रक से कुछ सामान उतारने का काम चल रहा था। उसी दौरान जेजुरी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक स्विफ्ट कार ने पिकअप को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और पिकअप दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और 8 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 5 लोग कार सवार बताए जा रहे है। हादसे में सात पुरुष और एक महिला की जान गई है। वहीं, एक पुरुष, एक महिला और दो छोटे बच्चों समेत कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जेजुरी के शांताई अस्पताल में चल रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जेजुरी ग्रामीण अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मृतकों की पहचान सोमनाथ रामचंद्र वायसे (21), रामू संजीवनी यादव, अजय कुमार चौहान, अजित अशोक जाधव, किरण भारत राउत, अश्विनी संतोष एस.आर और अक्षय संजय राउत के तौर पर की है। जबकि एक अज्ञात पुरुष की पहचान अभी नहीं हो सकी है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पीड़ितों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया। इस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।