इंदौर में दिल दहला देने वाला हादसा, लपटों में समाया पूरा परिवार
इंदौर, संवाददाता : मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। शहर के ऐतिहासिक राजबाड़ा क्षेत्र के पास देर रात भीषण आग लगने से एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा तिलक नगर थाना क्षेत्र के छोटा राजबाड़ा इलाके में मंगलवार रात हुआ। बताया जा रहा है कि एक कार में चार्जिंग के दौरान आग लग गई, जिसकी लपटें तेजी से पास के घर तक पहुंच गईं। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरा मकान इसकी चपेट में आ गया। घर के अंदर कई गैस सिलेंडर रखे होने के कारण स्थिति और भी भयावह हो गई। आग लगने के बाद सिलेंडरों में एक के बाद एक कई धमाके हुए, जिससे घर में फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस हादसे में मनोज पुगलिया सहित परिवार के 7 सदस्य जिंदा जल गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण कार की बैटरी चार्जिंग को बताया जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है। यह हादसा पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल पैदा कर गया है।






















