13 घायल मरीजों का इलाज जारी, मुख्यमंत्री ने दिए न्यायिक जांच के आदेश
भुवनेश्वर/कटक। ओडिशा के कटक जिले स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर आईसीयू में सोमवार को भीषण आग लगने की घटना सामने आई। इस हादसे में 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य मरीज घायल हो गए। घायलों का अस्पताल के आईसीयू में इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहन चरण माझी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग के साथ अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश देते हुए मृतकों के परिजनों को 25 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी मानी जा रही है। आग धीरे-धीरे पास के आईसीयू और वार्ड तक फैल गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय ट्रॉमा केयर आईसीयू में कुल 23 मरीज भर्ती थे। इनमें से 10 मरीजों की अस्पताल के अन्य आईसीयू यूनिटों में शिफ्ट करते समय मौत हो गई, जबकि 13 मरीजों को सुरक्षित निकाल लिया गया और उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।





















