फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही संदिग्धों की तलाश
कानपुर, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के कानपुर के घंटाघर स्थित प्रसिद्ध सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में देर रात चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चोरों ने महज सात मिनट के भीतर भगवान गणेश के चांदी के सात मुकुट पार कर दिए और फरार हो गए। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सात मिनट में वारदात को दिया अंजाम
पुलिस के अनुसार, चोर बेहद शातिर तरीके से मंदिर में दाखिल हुए और कुछ ही मिनटों में मुकुट चोरी कर फरार हो गए। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन को घटना की जानकारी शाम करीब पांच बजे उस समय हुई, जब नियमित व्यवस्था के दौरान मुकुट गायब मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी हेलमेट पहने हुए था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। उसके साथ एक महिला भी मौजूद थी, जिसने वारदात को अंजाम देने में सहयोग किया। बताया जा रहा है कि चोरी हुए सातों चांदी के मुकुट का कुल वजन करीब 600 ग्राम है। ये मुकुट भगवान गणेश की प्रतिमा पर सजाए जाते थे और श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र थे। सूचना मिलते ही हरबंशमोहाल थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एसीपी कोतवाली आशुतोष कुमार सिंह के मुताबिक, मंदिर प्रबंधन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है और मामले की जांच जारी है।






















