गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर
सुलतानपुर, संवाददाता : लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर नगर पंचायत क्षेत्र के बेदूपारा बाईपास के पास बीती रात करीब साढ़े दस बजे दो वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाराणसी से लखनऊ जा रही एक एक्सयूवी कार का एक्सल अचानक टूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी लेन में पहुंच गया। इसी दौरान अयोध्या से वाराणसी जा रही इनोवा कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में इनोवा सवार आंध्र प्रदेश के काकीनाडा निवासी आर साईं राम, कृष्णा प्रसाद, रामादेवी, सत्य कृष्णा, बी. देवी, मोनिका और एम. साईं तेजस्वी समेत सात लोग घायल हो गए। वहीं एक्सयूवी में सवार लखनऊ के राजाजीपुरम निवासी अभिषेक कुमार और हर्ष कुमार भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद उस समय हड़कंप मच गया जब दुर्घटनाग्रस्त एक्सयूवी से भारी मात्रा में गांजा के पैकेट सड़क पर बिखरे मिले। मौके पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी गांजा के पैकेट समेटते नजर आ रहे हैं। हालांकि कोतवाली प्रभारी धीरज कुमार ने सड़क दुर्घटना की पुष्टि की है, लेकिन गांजा बरामदगी के मामले में अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है और न ही मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस वायरल वीडियो की जांच में जुटी है।






















