अवसानपुर गांव के पास मिला युवक का शव, सिर और शरीर पर चोट के निशान
सुल्तानपुर, संवाददाता : शिवगढ़ थाना क्षेत्र के अवसानपुर गांव के पास एक युवक की हत्या कर उसका शव नहर में फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और नहर से शव को बाहर निकलवाया। मृतक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान समर बहादुर, पुत्र स्वर्गीय लालता प्रसाद मुसहर, के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी चंद्रभान वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
























