बोले सनोज, मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद थे
उज्जैन,संवाददाता : दुष्कर्म के केस में जेल गए फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा अब रिहा होकर एक बार फिर चर्चा में हैं। जेल से रिहाई के पांच दिन बाद वह उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर पहुंचे, जहां उनके साथ वायरल गर्ल मोनालिसा भी नजर आईं। दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सनोज मिश्रा को दिल्ली पुलिस ने 30 मार्च को एक दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया था। करीब दो महीने की हिरासत के बाद 30 मई को उन्हें कोर्ट से जमानत मिली। रिहाई के बाद पहली बार वह सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं।
महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए सनोज मिश्रा ने कहा,
“मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद थे। यह एक सोची-समझी साजिश थी। मैंने महाकाल के सामने आत्मसमर्पण किया था, और अब मेरी नई शुरुआत भी महाकाल के आशीर्वाद से ही हो रही है।”
उन्होंने आगे कहा कि यदि उन्हें फंसाने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वह अयोध्या जाकर धर्म परिवर्तन कर इस्लाम कबूल करने का फैसला करेंगे। वीडियो में उनके साथ मोनालिसा के भतीजे श्याम, उनके मित्र महेंद्र भाई लोधी, पत्नी रूबी मिश्रा, तिवारी जी और अन्य करीबी लोग भी नजर आ रहे हैं।
मोनालिसा का फिर से डेब्यू
बता दें कि मोनालिसा तब वायरल हुई थीं जब कुंभ मेले में उनका एक वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना। इसके बाद सनोज मिश्रा ने उन्हें अपनी फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ से लॉन्च करने की घोषणा की थी। लेकिन मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद मोनालिसा ने सिंगर उत्कर्ष सिंह के साथ एक नया म्यूजिक एल्बम साइन कर लिया। अब खबर है कि सनोज मिश्रा की रिहाई के बाद मोनालिसा एक बार फिर उनके साथ फिल्म की शूटिंग शुरू करने जा रही हैं।