हलवारा एयरपोर्ट टर्मिनल का ऑनलाइन उद्घाटन, पंजाब को मिला विमानन विकास का नया आयाम
जालंधर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलकर श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर रखा। इसके साथ ही उन्होंने लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर सिविल टर्मिनल भवन का ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री अपराह्न लगभग 3:45 बजे आदमपुर हवाई अड्डे पहुंचे। वह संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर डेरा सचखंड बल्लां भी पहुंचे।
प्रधानमंत्री ने लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का उद्घाटन कर पंजाब में बुनियादी विमानन ढांचे को नई मजबूती प्रदान की। रायकोट उपखंड के हलवारा स्थित भारतीय वायु सेना अड्डे पर विकसित इस टर्मिनल से क्षेत्र में हवाई संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होने के साथ-साथ औद्योगिक और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हलवारा हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन परियोजना को पंजाब सरकार और भारतीय विमानन प्राधिकरण के संयुक्त उपक्रम के तहत 54.67 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया गया है। इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति हलवारा हवाई अड्डे पर उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी बयान में कहा गया कि, “संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर आदमपुर हवाई अड्डे का नामकरण इस पूजनीय संत और महान समाज सुधारक को श्रद्धांजलि है, जिनकी समानता, करुणा और मानवीय गरिमा की शिक्षाएं भारत के सामाजिक मूल्यों को निरंतर प्रेरित करती हैं।”
डेरा सचखंड बल्लां में पीएम की उपस्थिति
प्रधानमंत्री मोदी ने डेरा सचखंड बल्लां में संत निरंजन दास जी से भेंट की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित किया और पंगत में बैठकर लंगर भी ग्रहण किया। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा संत निरंजन दास जी को पद्म श्री सम्मान दिए जाने के बाद प्रधानमंत्री की यह यात्रा विशेष महत्व रखती है।
भविष्य की उड़ानों को मिलेगा पंख
हलवारा एयरपोर्ट से मार्च 2026 के पहले सप्ताह से नियमित उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है। यह एयरपोर्ट दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों से सीधा हवाई संपर्क प्रदान करेगा, जिससे पूरे मालवा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।























