सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल योजनाओं पर विशेष फोकस
लखनऊ, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को लखीमपुर खीरी जिले में 1311 करोड़ रुपये की 538 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। योगी अपने संक्षिप्त दौरे में पलिया और मोहम्मदी विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों लखीमपुर, गोला, श्रीनगर, पलिया, निघासन, मोहम्मदी और धौरहरा को बड़ी सौगात मिलेगी।
कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री 356 करोड़ रुपये की 345 परियोजनाओं का लोकार्पण और 955 करोड़ रुपये की 193 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भूमि स्वामित्व अधिकार पत्र, आवास की चाबी और आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए जाएंगे। दौरे की शुरुआत पलिया के चंदन चौकी से होगी, जहां मुख्यमंत्री थारू जनजाति के परिवारों को भूमि स्वामित्व अधिकार पत्र प्रदान करेंगे। सरकार ने थारू जनजाति के प्रति संवेदनशील रुख अपनाते हुए उन्हें भूमि का पूर्ण स्वामित्व देने का निर्णय लिया है। पलिया तहसील के 34 गांवों के 4356 परिवारों को 5338 हेक्टेयर भूमि पर मालिकाना हक दिया जा रहा है। वर्ष 1976 से केवल उपयोग अधिकार रखने वाले इन परिवारों को अब स्थायी स्वामित्व मिलने से उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार की उम्मीद है।
नदी कटान से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए 12 उपनिवेशों में बसे 2350 परिवारों को 4251 हेक्टेयर भूमि का स्वामित्व प्रदान किया गया है। इनमें अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के बड़ी संख्या में परिवार शामिल हैं, जिन्हें अब स्थायित्व और सुरक्षा मिलेगी। पूर्वी पाकिस्तान/बांग्लादेश से आए 331 हिंदू परिवारों को भी जिले की विभिन्न तहसीलों में बसाकर उन्हें कृषि योग्य भूमि आवंटित की गई है। मियांपुर में बसे 156 परिवारों को औसतन 4.75 एकड़ भूमि दी गई है, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी 3 से 7 एकड़ तक जमीन उपलब्ध कराई गई है। सरकार द्वारा इन परिवारों को केवल भूमि ही नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, आवास योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, पेंशन और सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाएं भी गांवों तक पहुंचाई गई हैं।






















