बिना हेलमेट तेज रफ्तार बाइक पर किया खतरनाक स्टंट
सागर (मध्य प्रदेश), संवाददाता : मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक-युवती ने सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता की सारी हदें पार कर दीं। मामला जरुआखेड़ा क्षेत्र के जलंधर मार्ग का बताया जा रहा है, जहां एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड को गोद में बैठाकर तेज रफ्तार में बाइक चलाता नजर आया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक चलती बाइक पर युवती को आगे की ओर उल्टा बैठाकर सीने से लगाए हुए था। इस दौरान न तो युवक और न ही युवती ने हेलमेट पहना हुआ था। युवती का चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। यह खतरनाक और आपत्तिजनक स्टंट न केवल उनकी जान के लिए खतरा बना, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर जोखिम पैदा करता नजर आया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य बाइक सवार ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। हैरानी की बात यह रही कि युवक-युवती आसपास के ट्रैफिक और अन्य वाहनों की कोई परवाह किए बिना एक-दूसरे में पूरी तरह खोए नजर आए। यदि अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति आती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ लोगों ने युवक को इस खतरनाक तरीके से बाइक चलाने से रोकने और समझाने की कोशिश भी की, लेकिन स्टंटबाज कपल ने किसी की बात नहीं मानी और तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते हुए वहां से निकल गया। यह घटना रविवार की बताई जा रही है। वीडियो वायरल होने के बाद यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी और सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय व्यवहार को लेकर लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।























