सेना भर्ती कार्यालय को अमेठी में ही बनाए रखने की उठाई मांग
नई दिल्ली/अमेठी,संवाददाता : अमेठी संसदीय क्षेत्र के जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सांसद किशोरी लाल शर्मा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने वर्ष 1988 में अमेठी में स्थापित सेना भर्ती कार्यालय को अयोध्या स्थानांतरित करने के फैसले को रद्द करने की मांग उठाई। सांसद ने रक्षा मंत्री को अवगत कराया कि सेना भर्ती कार्यालय के स्थानांतरण से अमेठी और आसपास के जिलों के हजारों युवाओं के रोजगार अवसर प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कार्यालय को अमेठी में ही बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसके अलावा, उन्होंने इंडो-रशिया राइफल्स प्राइवेट लिमिटेड (IRRPL) और आयुध निर्माणी, कोरवा से जुड़े कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा से संबंधित मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि एचएएल द्वारा संचालित विद्यालय में शुल्क संरचना में असमानता है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। इस पर पारदर्शिता और समानता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सांसद द्वारा उठाए गए दोनों मुद्दों को गंभीरता से सुना और उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अमेठी, जो लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है, वहां के जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाए जाने से क्षेत्र की जनता में सकारात्मक संदेश गया है।
























